
राजकुमार / हरिद्वार / श्यामपुर। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना श्यामपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। चंडीघाट चौकी से पहले हाईवे पर चार कारों की टक्कर की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चंडीघाट चौकी से पहले हाईवे पर चार कारों की आपस में टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जांच के दौरान एक बलेनो कार का चालक शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने चालक का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक को धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत हिरासत में लेते हुए उसकी बलेनो कार को सीज कर कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि अन्य वाहन स्वामियों एवं घायलों की ओर से अभी तक घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत (प्रार्थना पत्र) प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत प्राप्त होने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ललित राठी पुत्र दयानंद राठी, निवासी अलीपुर, पोस्ट घामरोज, तहसील सोहना, जनपद गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक सुभाष चंद, हेड कांस्टेबल विकास भट्ट और कांस्टेबल नीरज बिष्ट शामिल रहे।
