
राजकुमार / हरिद्वार / कनखल। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कनखल पुलिस ने शादी समारोह में हवाई/हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है।
दिनांक 26 जुलाई 2026 को थाना कनखल क्षेत्र के वाटिका फार्म, लक्सर रोड, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार में आयोजित शादी समारोह के दौरान एक व्यक्ति द्वारा हवाई/हर्ष फायरिंग की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। प्रकरण में 16 अगस्त 2026 को अ.उ.नि. ललित मोहन द्वारा आरोपी योगेश कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी टांडा महतोली, सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के विरुद्ध मु.अ.सं. 265/2026, धारा आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेश कुमार को 18 अगस्त 2026 को हिरासत में लिया। आरोपी की निशानदेही/कब्जे से घटना के दौरान हवाई/हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त एक पिस्टल मेड इन इंडिया बरामद की गई। बरामद पिस्टल को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार अवैध हथियारों के इस्तेमाल और हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
