
राजकुमार / हरिद्वार / रुड़की। कोतवाली रुड़की पुलिस ने फर्जी पहचान के जरिए जमीन की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। आरोपी ने खुद को इस्लाम पुत्र हनीफ बनकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन बेचने का खेल रचा था।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर 2024 को सराय ज्वालापुर निवासी संजीव कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार ने रणवीर और इस्लाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फर्जी पहचान के जरिए जमीन की रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि “इस्लाम” नाम से जमीन बेचने वाला व्यक्ति दरअसल पिंकू उर्फ अजय कुमार पुत्र राजकुमार निवासी पीतपुर, कोतवाली लक्सर (जनपद हरिद्वार) है। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 419, 467, 468, 471 और 120बी भादवि की बढ़ोतरी की।
लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने 21 मार्च 2026 को आरोपी पिंकू उर्फ अजय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक साक्ष्यों के साथ न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी, कांस्टेबल अनिल चौहान और कांस्टेबल राजेश देवरानी शामिल रहे।
