
शिवराज यादव / हरिद्वार / ज्वालापुर। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को 02 किलो 35 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों (शराब, स्मैक, चरस, गांजा आदि) की तस्करी रोकने के लिए जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर चेकिंग अभियान तेज किया।
13 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने भविष्य पाल उर्फ सागर पुत्र निरंजन सिंह पाल निवासी कठघर होली का मैदान, थाना कठघर जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को लालपुर से नहर पटरी जटवाड़ा पुल की ओर आम के पेड़ के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 02 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक विजय प्रकाश, कांस्टेबल रवि चौहान, कांस्टेबल गणेश तोमर शामिल रहे।
