
राजकुमार / हरिद्वार। हर की पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं और यात्रियों से जबरन भीख मांगने व बदसलूकी की शिकायतों पर कोतवाली नगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान 20 भिक्षुकों के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” के तहत की गई। पुलिस के अनुसार घाटों पर आने-जाने वाले यात्रियों से जबरदस्ती भीख मांगने और अभद्र व्यवहार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया गया।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर 20 भिक्षुकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नंदकिशोर गवाड़ी, संजीत कंडारी, ऋषिकांत पटवाल सहित कांस्टेबल मान सिंह, भूपेंद्र गिरी, खूशी राम, नितिन रावत और रमेश शामिल रहे।
