
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 22 फरवरी को थाना सिडकुल क्षेत्र में पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद के पास संचालित एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी हाईस्कूल मार्कशीट और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार करता हुआ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार (28 वर्ष) पुत्र वेदपाल सिंह निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाहरी राज्यों से सिडकुल में नौकरी करने आने वाले लोगों के आधार कार्ड में नाम, पता और उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकालकर उन्हें उपलब्ध कराता था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी की दुकान से 01 लैपटॉप, 01 लैपटॉप चार्जर, 01 कलर प्रिंटर-स्कैनर, 01 की-बोर्ड, 04 आधार कार्ड (जिनमें 02 कूटरचित) तथा 09 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित छायाप्रतियां बरामद कीं।
इस संबंध में थाना सिडकुल में मु.अ.सं. 74/2026 के तहत धारा 318(2), 336(3), 338, 339 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई किया जा रहा है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों व.उ.नि. देवेन्द्र तोमर, उनि बबलू चौहान, अ.उ.नि संजय चौहान, हे.का. जितेन्द्र मलिक, हे.का. देशराज, का. गजेन्द्र प्रसाद, का. मुकेश की अहम भूमिका रही।
