
शिवराज यादव / हरिद्वार / मंगलौर। कांवड़ यात्रा के दौरान मोबाइल खोने से परेशान हरियाणा के एक कांवड़िए के लिए हरिद्वार पुलिस ने राहत भरे पल दिए। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने महज 14 घंटे के भीतर करीब 40 हजार रुपये कीमत का खोया हुआ मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया। साथ ही मोबाइल और नगदी नहीं होने से परेशान कांवड़िए के भोजन की भी व्यवस्था कर मानवता का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को रोहतक (हरियाणा) निवासी कांवड़िया रोहित मल्होत्रा कोतवाली मंगलौर पहुंचा और बताया कि रुड़की-मंगलौर मार्ग के बीच उसका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया है। मोबाइल में बैंक खाते से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी, परिजनों के संपर्क नंबर और गूगल पे व फोन पे जैसी ऑनलाइन भुगतान सेवाएं थीं। मोबाइल खोने और नकदी नहीं होने के कारण वह भोजन तक खरीदने में असमर्थ हो गया था।
कांवड़िए की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली मंगलौर पुलिस ने पहले उसके भोजन की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए। मोबाइल की लोकेशन रुड़की क्षेत्र में मिलने पर संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया गया और करीब 14 घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर रोहित मल्होत्रा को सकुशल सौंप दिया।
करीब 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल वापस मिलने पर रोहित मल्होत्रा ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता ने उसकी बड़ी समस्या का समाधान कर दिया।
