
राजकुमार / हरिद्वार / पथरी। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत थाना पथरी पुलिस ने नाबालिग से छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नसीरपुर कला, थाना पथरी निवासी एक व्यक्ति ने 18 अगस्त 2026 को थाना पथरी में प्रार्थना पत्र देकर अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थाना पथरी पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए गए।
पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप 19 अगस्त 2026 की रात्रि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमान पुत्र मुस्तकीम, निवासी ग्राम बादशाहपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल जयपाल चौहान एवं कांस्टेबल मुकेश चौहान शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों को लेकर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
