
शिवराज यादव / हरिद्वार / श्यामपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में थाना श्यामपुर पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने आमजन और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा अपने मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान का ध्यान रखने की सलाह दी।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की गई। साथ ही असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार प्रभावी गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
हरिद्वार पुलिस का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए पुलिस द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
