
राजकुमार / हरिद्वार। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में की जा रही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को थाना पथरी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने ग्राम धनपुरा स्थित गन्ना तोल केंद्र के पास से संदिग्ध व्यक्ति शौकीन उर्फ सुक्खा (32 वर्ष) पुत्र कासिम लाल को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 08.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पथरी में मुकदमा अपराध संख्या 115/2026 के तहत NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह स्मैक कहां से लाया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार (चौकी प्रभारी फेरूपुर), कांस्टेबल रविन्द्र, कांस्टेबल विरेन्द्र शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
