
शिवराज यादव / हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हर की पैड़ी, सर्वानन्द घाट और आसपास के घाटों पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार धर्म की आड़ में लोगों को ठगने वाले ढोंगी बाबाओं और बिना पहचान पत्र के घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 27 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धर्म की आड़ में ठगी करने वाले ढोंगी और बहरूपियों के खिलाफ ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध ढोंगी बाबा या कालनेमि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
