
राजकुमार / हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पथरी पुलिस ने शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत चालान किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में शुक्रवार को थाना पथरी क्षेत्र के सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा में संदिग्ध व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर शांति भंग करने का प्रयास किया और पुलिस टीम द्वारा समझाने के बावजूद उत्तेजित होकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर आमादा रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पथरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 6 व्यक्तियों को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार सभी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान सन्नी (35), आतिश (25), हमराज (23), नीलू (32), माईकल (19) और अकुल (19) निवासी सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विपिन कुमार, कांस्टेबल अनिल सिंह, जयपाल चौहान, मुकेश चौहान और दौलत शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
