
शिवराज यादव / हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियों को और गति दे दी है। शुक्रवार को एसपी ट्रैफिक निशा यादव और एसपी सिटी अभय सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैरागी कैंप पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण और मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसपी ट्रैफिक निशा यादव ने यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि शेष योजनाओं को जल्द अंतिम रूप दिया जाए।
वहीं, एसपी सिटी अभय सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने अनुभव के आधार पर व्यावहारिक सुझाव देने के निर्देश दिए, जिससे मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
