
राजकुमार / हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस ने ग्राम बोडाहेड़ी में बड़ी कार्रवाई की है। गांव में हाल ही में हुए दो पक्षों के विवाद और पथराव की घटना के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की और माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए 22 महिलाओं एवं 29 पुरुषों सहित कुल 51 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए। घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से छतों से ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया और शांति व्यवस्था प्रभावित हुई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने गांव पहुंचकर ड्रोन कैमरों के माध्यम से छतों की निगरानी की। इस दौरान कई मकानों की छतों पर बड़ी मात्रा में ईंट-पत्थर रखे मिले, जिन्हें पुलिस की मौजूदगी में संबंधित लोगों से तत्काल हटवाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने छतों पर ईंट-पत्थर या अन्य ऐसी सामग्री रखकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि कानून से बढ़कर कोई नहीं है और अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने अपने घरों की छतों पर ईंट-पत्थर जमा रखने वाले 22 महिलाओं और 29 पुरुषों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए जांच प्रारंभ कर दी है।
इस अभियान में थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के साथ उपनिरीक्षक बबलू चौहान, उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल राकेश नेगी, कांस्टेबल नारायण, कांस्टेबल नारायण राणा, चालक कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल आदेश चौहान तथा कांस्टेबल सुबोध शामिल रहे।
